Follow us on

Home » ब रे का » बनारस रेल इंजन कारखाना में अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 का आगाज़, रोमांचक मुकाबलों से गूंजा मैदान

बनारस रेल इंजन कारखाना में अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 का आगाज़, रोमांचक मुकाबलों से गूंजा मैदान

Share this post:

 

वाराणसी, 28 फरवरी 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) खेल संघ के तत्वावधान में अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री एस. के. सिंह, वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एवं सचिव, क्रिकेट, बरेका तथा श्री मनीष कुमार सिंह, सदस्य कर्मचारी परिषद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खेल परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

उद्घाटन मुकाबला लोको डिवीजन-2 और कार्मिक एवं प्रशासन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कार्मिक एवं प्रशासन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 201 रनों का सशक्त स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अजीत तिवारी ने 84 रनों की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि नवीन यादव और नंदलाल ने 21-21 रनों का योगदान दिया।

लोको डिवीजन-2 की ओर से गेंदबाजी में अबरार अंसारी ने 40 रन देकर 2 विकेट, सुरेंद्र गौड़ ने 41 रन देकर 1 विकेट और सुनील ने 34 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लोको डिवीजन-2 की टीम ने भरपूर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 191 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सुरेंद्र गौड़ ने 111 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर मैच को रोमांचक बना दिया, परंतु टीम को जीत नहीं दिला सके। कार्मिक एवं प्रशासन की ओर से करन कुमार ने 37 रन देकर 4 विकेट झटके। गणेश ने 31 रन देकर 2 विकेट, धर्मेंद्र सिंह ने 26 रन देकर 1 विकेट तथा नवीन यादव ने 27 रन देकर 1 विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिन का दूसरा मुकाबला लोको डिवीजन-1 और इंजन डिवीजन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लोको डिवीजन-1 ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 150 रन बनाए। टीम की ओर से वीरेंद्र यादव ने 38 रन, दीपक बिष्ट ने 28 रन, मजहर ने 18 रन और अतुल ने 14 रनों का योगदान दिया।

इंजन डिवीजन की ओर से मोहम्मद अमन शेख ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर 4 विकेट लिए। शिवलाल यादव ने 26 रन देकर 3 विकेट तथा मृत्युंजय सिंह ने 21 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंजन डिवीजन ने संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। टीम की ओर से मृत्युंजय सिंह ने 40 रन, संतोष कुमार ने 32 रन, मोहम्मद अमन शेख ने 19 रन और दिनेश यादव ने 15 रनों का योगदान दिया। लोको डिवीजन-1 की ओर से चंद्रशेखर ने 15 रन देकर 1 विकेट और राजेश ने 14 रन देकर 1 विकेट लिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन ही खिलाड़ियों ने जिस जज्बे और खेल भावना का परिचय दिया, उसने आगामी मुकाबलों के लिए रोमांच और प्रतिस्पर्धा की नींव रख दी है। बरेका खेल संघ द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता कर्मचारियों के बीच पारस्परिक सहयोग, फिटनेस और टीम भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x