वाराणसी, 19 फरवरी 2026। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में वृहद् स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक के दिशा-निर्देशन तथा प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० देवेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित यह शिविर स्वामी हरशंकरानंद जी ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर, सुंदरपुर के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में कर्मचारियों एवं परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरुषों के साथ महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया। कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
इस अवसर पर डॉ० देवेश कुमार ने कहा कि रक्तदान न केवल जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व की सर्वोच्च अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने स्वस्थ व्यक्तियों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में श्रीमती सीमा ने 42वीं बार रक्तदान कर प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। श्री चंद्रमोहन भंडारी ने अपने जन्मदिन पर 10वीं बार रक्तदान कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त श्रीमती कृष्णा उपाध्याय, श्रीमती उपासना यादव, श्रीमती सुमन सिंह सहित अनेक कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया।
शिविर की सफलता में वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ० मधुलिका सिंह एवं डॉ० एस.के. मौर्य सहित चिकित्सा विभाग की टीम, नर्सिंग अधिकारियों तथा ब्लड बैंक कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। कर्मचारी परिषद के सदस्यों ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदान शिविर ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि बरेका परिवार सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सदैव अग्रणी है।









