वाराणसी। मशहूर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर के लिए वाराणसी में हुआ अनपेक्षित ठहराव आध्यात्मिक अनुभव में बदल गया। उनकी फ्लाइट अचानक रद्द हो जाने के कारण उन्हें काशी में एक रात रुकना पड़ा, जिसे उन्होंने ईश्वर की इच्छा और ‘दैवीय आह्वान’ के रूप में स्वीकार किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रातःकाल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। फ्लाइट रद्द होने के बाद अनुपम खेर ने शहर के एक निजी होटल में विश्राम किया और सुबह होते ही मंदिर पहुंचे। दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी अनुभूति साझा करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उन्हें अपार आनंद और शांति की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है यह भगवान की इच्छा थी। शायद वे मुझे अपने दर्शन के लिए बुलाना चाहते थे, इसलिए मेरी फ्लाइट कैंसिल हो गई। अनुपम खेर ने काशी के प्रति अपने गहरे लगाव को व्यक्त करते हुए कहा कि यह शहर केवल उनका ही नहीं, बल्कि हर भारतीय का है। उन्होंने यहां के भोजन की सराहना की और बताया कि इस दौरान उन्हें एक पुराने मित्र से मिलने का भी अवसर मिला। अभिनेता ने कहा, “काशी से मेरा बहुत पुराना रिश्ता है। वास्तव में, दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला हर भारतीय किसी न किसी रूप में काशी से जुड़ा हुआ है।” काशी की आध्यात्मिक शक्ति पर प्रकाश डालते हुए अभिनेता ने कहा कि यह नगरी अपने आप में अद्भुत है। “यहां आते ही भीतर एक नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है। काशी की यही आध्यात्मिक शक्ति इसे सबसे अलग और विशेष बनाती है,”। अनुपम खेर का यह अनपेक्षित दौरा और उनकी आध्यात्मिक अनुभूति सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे ‘भाग्य का खेल’ और ‘ईश्वर की कृपा’ बताकर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कर रहे हैं।









