वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना फूलपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 10 लीटर कच्ची शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 20 फरवरी 2026 को ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के तहत क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर करवल बस्ती के पास छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध कच्ची शराब की बिक्री करते हुए दूधनाथ (53 वर्ष), निवासी ग्राम फूलपुर, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक जरीकेन में लगभग 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 56/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह गैर-जनपद से कच्ची शराब लाकर परिवार के भरण-पोषण के लिए उसकी बिक्री करता था। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।









