वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में डॉ. पद्माकर मिश्र, निदेशक—प्रकाशन संस्थान के सेवानिवृत्त होने के पश्चात ज्योतिष विभाग के आचार्य प्रो. अमित कुमार शुक्ल को निदेशक, प्रकाशन संस्थान का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। प्रो. शुक्ल ने शुक्रवार को विधिवत रूप से अपने नवीन दायित्व का कार्यभार ग्रहण किया। प्रो. अमित कुमार शुक्ल विश्वविद्यालय में एक अनुभवी एवं प्रतिष्ठित शिक्षाविद् के रूप में जाने जाते हैं। वे पूर्व में ज्योतिष विभाग के विभागाध्यक्ष तथा वेद-वेदांग संकाय प्रमुख के दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वे अपने मूल शैक्षणिक दायित्वों के साथ निदेशक, अनुसंधान का कार्य भी देख रहे हैं। कुलसचिव राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रो. शुक्ल अपने मूल पदीय दायित्वों के साथ-साथ निदेशक, प्रकाशन संस्थान के कार्यों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अतिरिक्त दायित्व के लिए उन्हें किसी प्रकार का अतिरिक्त मानदेय अथवा भत्ता देय नहीं होगा। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने प्रो. शुक्ल को नवीन दायित्व हेतु शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में प्रकाशन संस्थान शैक्षणिक एवं शोधपरक गतिविधियों में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि प्रो. शुक्ल अपने अनुभव, विद्वत्ता एवं कार्यकुशलता के माध्यम से प्रकाशन संस्थान की गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाएंगे। इस अवसर पर प्रो. रामपूजन पाण्डेय, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. महेन्द्र पांडेय, प्रो. राजनाथ, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, अजय पाण्डेय, सुशील कुमार तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









