Follow us on

Home » क्राइम » प्रसिद्ध चिकित्सक की निर्मम हत्या से जौनपुर दहला, घर के सामने लटकाया गया शव

प्रसिद्ध चिकित्सक की निर्मम हत्या से जौनपुर दहला, घर के सामने लटकाया गया शव

Share this post:

 

जौनपुर |  जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बरजी गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया। क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुनील राजभर की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी और हत्या के बाद उनका शव घर के ठीक सामने लटका दिया। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. सुनील राजभर का निजी क्लीनिक बरजी गांव में ही स्थित है, जो उनके आवास से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर जब घर के सामने लटके शव पर पड़ी, तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही खेतासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में एसपी सिटी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए

डॉ. सुनील राजभर की हत्या से परिजनों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक परिजनों ने शव उठाने का विरोध भी किया, हालांकि पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

डॉ. सुनील राजभर क्षेत्र में एक सम्मानित और लोकप्रिय चिकित्सक के रूप में जाने जाते थे। उनकी इस तरह निर्मम हत्या कर शव को सार्वजनिक रूप से लटकाया जाना अपराधियों की बेखौफ और क्रूर मानसिकता को उजागर करता है। घटना के बाद खेतासराय समेत आसपास के गांवों में लोग भय के साये में हैं।

पुलिस ने जांच तेज करते हुए मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश, पेशेगत विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

जिले में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों में कानून का खौफ कम होता नजर आ रहा है, जिससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि हत्याकांड की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा। फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x