चकिया/चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दुबेपुर स्थित बी.एन. सर्जिकल सेंटर में सोमवार सुबह महिला को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन के माध्यम से शिशु का जन्म कराया गया। परिजनों का कहना है कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य बताया गया, लेकिन शाम होते-होते महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने समुचित उपचार उपलब्ध कराने के बजाय महिला को बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इस सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर पहुंच गए और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख अस्पताल संचालक के मौके से फरार होने की भी चर्चा है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल के संचालन और सुविधाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अस्पताल मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहा था। घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिशों की भी चर्चा क्षेत्र में रही। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है। प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।









