गाज़ीपुर। शनिवार को शहर के एक प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान में प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकारों के मान-सम्मान एवं उनके हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिवानंद मिश्रा ने की। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पत्रकार विनोद पाण्डेय को सर्वसम्मति से मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष शिवानंद मिश्रा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह संगठन सदैव पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने पत्रकारों से अपनी मर्यादा और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम संयोजक अखिलानंद तिवारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक पत्रकार के हितों की रक्षा करना है। वहीं पूर्वांचल प्रभारी वरिष्ठ पत्रकार दिग्विजय सिंह ने गाज़ीपुर से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि यह क्षेत्र उनकी कर्मभूमि रहा है और संगठन को यहां मजबूत आधार प्राप्त है।नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष विनोद पाण्डेय ने विश्वास जताने के लिए संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे तथा पत्रकारों के हितों की आवाज़ हर मंच पर बुलंद करेंगे। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संगठन के सभी सदस्यों का सामूहिक बीमा कराने का प्रयास किया जाएगा।बैठक में संगठन के पदाधिकारियों का भी सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया, जिसमें वसीम रज़ा को महामंत्री, प्रदीप शर्मा ‘मोनू’ को सहसचिव तथा शिवेश कुमार पाण्डेय, पंकज और अनिल कुमार को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर पत्रकार अजय राय बब्लू, कमलदेव राय, विनीत दुबे, महताब आलम, अकरार खां, अनिल कुमार, सुनील गुप्ता, अजय कुमार, प्रभाकर सिंह, शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।









