वाराणसी: चौकाघाट स्थित विश्वकर्मा पंचायती बाग में गुरुवार को श्री विश्वकर्मा सभा वाराणसी की ओर से भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की पुण्यतिथि का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. एस. नाथ की जयंती भी समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के संरक्षक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने की।समारोह की शुरुआत अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा तीनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने से हुई। वक्ताओं ने डॉ. एस. नाथ के सामाजिक योगदान, ज्ञानी जैल सिंह के सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा, तथा अटल बिहारी वाजपेयी के ओजस्वी नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि इन महान नेताओं का जीवन समाज और राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों को अपनाकर ही सामाजिक समरसता, भाईचारा और राष्ट्र निर्माण को मजबूत किया जा सकता है। समारोह में अध्यक्ष अमरनाथ विश्वकर्मा, मंत्री अनिल शर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, नित्यानंद, सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, युगल किशोर, चंद्रकला विश्वकर्मा, रीना विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा, अरविंद विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।









