पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन धूमधाम से संपन्न,नई कार्यकारिणी का अनुमोदन, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव पुनः निर्विरोध मंडल अध्यक्ष चुने गए
वाराणसी, 14 फरवरी 2026। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, वाराणसी मंडल का वार्षिक अधिवेशन एवं स्थापना दिवस समारोह शनिवार को श्रमिक संघ के आउटडोर कार्यालय प्रांगण में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति रही।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारत पेंशनर्स समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अमिय रमण, विशिष्ट अतिथि सहायक महासचिव मुन्नीलाल गुप्ता, मुख्य वक्ता भानु प्रकाश नारायण (सूचना एवं प्रसारण मंत्री, केंद्रीय संगठन), केंद्रीय संगठन सदस्य सत्य प्रकाश सिंह तथा मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। ए.के. पाठक ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए एसोसिएशन के उद्देश्यों एवं विभिन्न शाखाओं की सक्रियता पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान एवं संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।
वार्षिक अधिवेशन में कार्यकारिणी समिति के निर्णयानुसार नई प्रबंध समिति के चुनाव को अनुमोदित किया गया। इसमें प्रदीप कुमार श्रीवास्तव पुनः निर्विरोध मंडल अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके साथ कैलाश नाथ शर्मा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), राजीव श्रीवास्तव एवं खुर्शीद अहमद (उपाध्यक्ष), ए.के. पाठक (मंडल मंत्री), सुरेश कुमार (कोषाध्यक्ष), अनूप कुमार मुखर्जी (कार्यालय मंत्री), महफूज खान (संगठन मंत्री), अजहर सगीर खान (सूचना एवं प्रसारण मंत्री) तथा फिरोज अहमद, फैयाज अनवर, कलाम अली खान व मुकेश कुमार बाली (सांस्कृतिक मंत्री) चुने गए। मुख्य अतिथि ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने संगठन के चतुर्दिक विकास, सेवा भावना, आपसी सौहार्द एवं एकता बनाए रखने पर बल दिया। मंडलाधीन शाखाओं से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कलाम अली खान, फैयाज अहमद, मुकेश कुमार बाली और फिरोज अनवर ने गीत एवं गजल प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं अतिथि कलाकार कुमार सौरभ एवं ऋषभ श्रीवास्तव ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन राजीव श्रीवास्तव द्वारा किया गया।









