वाराणसी। पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ़ इंडिया (पीआरएसआई) के 47वें राष्ट्रीय अधिवेशन में वाराणसी चैप्टर को जनसंचार एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट आयोजन तथा पब्लिक रिलेशन के माध्यम से सामाजिक जुड़ाव को सुदृढ़ करने के लिए गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर चैप्टर चेयरमैन अनिल के. जाजोदिया को जनसंपर्क के माध्यम से सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने के लिए तथा सचिव प्रदीप कुमार उपाध्याय को उत्कृष्ट कार्य संपादन और सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम आयोजन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
यह जानकारी पीआरएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र मेहता (वाराणसी) के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के अवार्ड्स की घोषणा निर्णायक मंडल के अनुमोदन के बाद कर दी गई है। यह सम्मान आगामी 13 से 15 दिसंबर तक देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही पीआरएसआई द्वारा वाराणसी चैप्टर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल स्थित अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख संस्थानों के लिए वर्ष 2025 के अखिल भारतीय पब्लिक रिलेशन विधा पुरस्कारों की भी घोषणा की गई है। घोषित परिणामों के अनुसार एनटीपीसी सिंगरौली–शक्तिनगर को—

कॉरपोरेट फ़िल्म (हिंदी) में प्रथम पुरस्कार,
महिला विकास हेतु सर्वश्रेष्ठ सीएसआर परियोजना में प्रथम पुरस्कार,
कौशल विकास हेतु सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार,
मेडिकल एवं हेल्थ प्रमोशन के लिए उत्कृष्ट पहल में द्वितीय पुरस्कार,
हाउस जर्नल (हिंदी) में तृतीय पुरस्कार प्राप्त होगा।
वहीं हिंडाल्को, रेणूकूट को न्यूज़लेटर (हिंदी) श्रेणी में तृतीय पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त एनटीपीसी उत्तरीय क्षेत्र, लखनऊ को भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए तीन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय अधिवेशन का मुख्य विषय— “सशक्त विकास: मूल्य के संरक्षण के साथ जनसंपर्क का उद्देश्य 2047”— रहेगा। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में जनसंपर्क एवं जनसंचार से जुड़े समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान और विचार-विमर्श किया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र मेहता ने बताया कि पीआरएसआई एक 70 वर्षीय राष्ट्रीय संस्था है, जो देशभर में जनसंपर्क एवं जनसंचार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था के देश के 27 प्रमुख महानगरों—जैसे मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद, चंडीगढ़, देहरादून, वाराणसी, भोपाल, भुवनेश्वर, नागपुर, पुणे, रांची, वर्धा, कोल्हापुर, शिमला, जयपुर, जम्मू, तिरुपति, अमरावती, हैदराबाद सहित अन्य—में सक्रिय चैप्टर संचालित हैं।
वाराणसी चैप्टर सहित पूर्वांचल के प्रमुख संस्थानों एनटीपीसी एवं हिंडाल्को रेणूकूट को इस सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर पीआरएसआई वाराणसी चैप्टर के उपाध्यक्ष डॉ. अंकूर चढ्ढा, पूर्व चैप्टर चेयरमैन अमिताभ भट्टाचार्य, डॉ. अनिल कुमार उपाध्याय, डॉ. राजेश सिंह, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग दवे, डॉ. बाला लखेन्द, काशी विद्यापीठ के विभागाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र सिंह, डॉ. प्रभा शंकर मिश्रा, डॉ. मनोहर लाल, संयुक्त सचिव हर्ष अग्रवाल, ज्ञानेन्द्र उपाध्याय, चंद्र प्रकाश सिंह, अजय सेठ, महेश सेठ, अशोक इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज की निदेशिका सारिका श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्यजनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।









