वाराणसी। पांडेयपुर मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण और ठेलों की समस्या को लेकर व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी चिंताओं से अवगत कराया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देशन में अतिक्रमण व अपराध नियंत्रण को लेकर चल रहे अभियान के तहत लालपुर–
पांडेयपुर क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में डीसीपी वरुण जोन प्रमोद कुमार तथा एसीपी कैंट नितिन तनेजा की मौजूदगी में व्यापारियों ने विस्तार से अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान घने कोहरे के मौसम में चोरी-चकारी की आशंका को देखते हुए दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी अनुरोध किया गया। व्यापारियों ने बताया कि पांडेयपुर से पहाड़िया-आशापुर मार्ग के चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ीं, लेकिन अब सड़क की चौड़ाई से कहीं अधिक ठेले लग गए हैं। काली मंदिर से पहाड़िया पंडित तक लगभग 300 से 400 ठेले लगने की शिकायत की गई, जिनमें सब्जी और फल के ठेले प्रमुख हैं। शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब ठेले, खरीदारी करते दोपहिया वाहन और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां मार्ग को पूरी तरह जाम कर देती हैं। व्यापारियों का कहना है कि वे भारी किराया देकर दुकानें चला रहे हैं, लेकिन ठेलों के कारण ग्राहकों के लिए वाहन खड़ा करना या दुकान तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर उनके व्यवसाय पर पड़ रहा है।व्यापारियों ने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस समय-समय पर अतिक्रमण हटवाती है और ठेले वालों को समझाती है, लेकिन पुलिस के हटते ही ठेले दोबारा लग जाते हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है। बैठक में व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे ठेले वालों का रोजगार छिनना नहीं चाहते, बल्कि समुचित समायोजन की मांग कर रहे हैं। सुझाव दिया गया कि राय साहब के बगीचे के पास मौजूद खाली स्थान या चौराहे से कुछ दूरी पर ठेलों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि मुख्य मार्ग सुचारु रूप से खुला रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में लालपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, लालपुर चौकी इंचार्ज प्रभाकर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।









