वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति को भारी आर्थिक नुकसान से बचा लिया गया। जैतपुरा निवासी राजकुमार चौहान पुत्र मोहनलाल चौहान किसी कार्य से बनारस आए हुए थे और मंडुवाडीह स्टेशन से ऑटो द्वारा जैतपुरा जा रहे थे। इसी दौरान धूपचंडी तिराहे पर ऑटो बदलते समय उनका बैग पुराने ऑटो में ही छूट गया।कुछ दूर जाने के बाद जब उन्हें बैग छूटने का एहसास हुआ तो आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन ऑटो का कोई सुराग नहीं मिला। बैग में उनकी पत्नी के लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान मौजूद था, जिससे पीड़ित बेहद घबरा गया। इसके बाद राजकुमार चौहान ने नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए टीम गठित की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान कर पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर बैग को बरामद कर लिया।बरामद बैग में रखे सभी जेवरात और सामान पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। चौकी प्रभारी द्वारा पीड़ित को चौकी बुलाकर बैग की पहचान कराई गई, जिसके बाद उसे सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर राजकुमार चौहान की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पुलिस टीम, विशेषकर चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही से आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।









