वाराणसी। नागरिक सुरक्षा प्रधान कार्यालय चेतगंज में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेन्द्र देव सिंह के निर्देशन में चल रहे नागरिक सुरक्षा क्षमता निर्माण प्रशिक्षण के अंतर्गत शनिवार को वार्डेन एवं स्वयंसेवकों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के तीसरे दिन एफएसओ द्वितीय दीपक कुमार सिंह एवं राम प्रताप सिंह ने अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। मॉकड्रिल और रिहर्सल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में बचाव के व्यावहारिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। स्वयंसेवकों को यह भी बताया गया कि आपदा के समय फायर ब्रिगेड के साथ किस प्रकार समन्वय स्थापित कर प्रभावी सहयोग किया जा सकता है।
विशेष रूप से किचन में आग लगने की स्थिति में गैस सिलेंडर की आग को सुरक्षित तरीके से बुझाने की विधि का प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण आधुनिक ऑटोमेटिक अग्नि सुरक्षा वाहन रहा। फायर ब्रिगेड के हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन द्वारा लगभग 30 मीटर ऊंचाई तक रेस्क्यू प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया, जिससे जान-माल की सुरक्षा के आधुनिक उपायों की जानकारी मिली।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन एडीसी इरफानुल होदा और विवेक कुमार राय ने किया। इस अवसर पर बरेका सीडी एस.एन. मिश्रा, विद्यासागर सहित अन्य प्रशिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे।









