जमानियां। नववर्ष के अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हेतिमपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने छात्राओं के साथ केक काटकर नववर्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्राओं व महिला शिक्षिकाओं में मिठाइयों का वितरण किया गया और पूरे विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास का माहौल रहा।
विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के संवाद कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उपजिलाधिकारी से अपनी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और दैनिक गतिविधियों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरक शब्दों में मार्गदर्शन किया। तहसील के शीर्ष अधिकारी से सीधे संवाद का अवसर पाकर छात्राएं उत्साहित नजर आईं।
छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का भी प्रदर्शन किया और कक्षा परियोजनाओं के माध्यम से उपजिलाधिकारी का आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने छात्राओं को मेहनत, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और लक्ष्य आधारित शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय स्टाफ और बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं को अपने विचार साझा करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में विजय कुमार सहित विद्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।









