वाराणसी। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सोमवार को मीरा फाउंडेशन एवं नमामि गंगे गंगा विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में नमो घाट पर गंगा तट की स्वच्छता के लिए व्यापक श्रमदान अभियान चलाया गया। अभियान में युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को सशक्त संदेश दिया। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने कई घंटों तक श्रमदान कर गंगा की तलहटी से पॉलीथिन, पुराने कपड़े, प्लास्टिक की बोतलें, मूर्तियाँ सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री निकालकर गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने में योगदान दिया। इस अवसर पर युवाओं ने “निर्मल गंगा हमारी जिम्मेदारी” का संकल्प लेते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर गंगा सेवा एवं स्वच्छता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। वक्ताओं ने आमजन से भी गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने में सक्रिय सहभागिता की अपील की। श्रमदान अभियान में दीपशिखा, अजय कन्नौजिया, जय विश्वकर्मा, विजय कुमार, लक्ष्य जायसवाल, शिवांगी, नीरज, देवा, जिगर, नेहा, अंशिका, श्रेया सहित नगर निगम के कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।









