वाराणसी | शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम वाराणसी ने “येलो स्पॉट” अर्थात् खुले में पेशाब किए जाने वाले स्थानों के खिलाफ अभियान तेज़ कर दिया है। निगम द्वारा 12 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत अब तक कुल 110 येलो स्पॉट चिन्हित कर कार्यवाही शुरू की गई है।निगम के सफाई दल और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में इन स्थानों पर सफाई, धुलाई और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। इन स्थलों को आकर्षक रूप देने के लिए दीवार पेंटिंग, पौधरोपण और जनजागरूकता से जुड़े संदेश भी लगाए जा रहे हैं, ताकि दोबारा गंदगी न फैले।साथ ही, आईईसी की तीन संस्थाओं को नागरिकों में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर चेतावनी और जुर्माना दोनों का प्रावधान रखा गया है।नगर निगम ने अपील की है कि शहरवासी सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें और खुले में पेशाब या गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति से दूर रहें। निगम का लक्ष्य है कि वाराणसी, अपने धार्मिक और ऐतिहासिक स्वरूप के अनुरूप, एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर के रूप में उदाहरण प्रस्तुत करे









