जमानियां। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस के शुभ अवसर पर बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र जमानियां में तहसील स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ अरविंद कुमार यादव एवं खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।दिव्यांग बच्चों ने इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से कहा कि इस दिवस का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज में समान अधिकार और सम्मान दिलाना है। ऐसे आयोजनों से न केवल उनकी क्षमताओं को पहचान मिलती है, बल्कि समाज में दिव्यांगता के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।कार्यक्रम में बच्चों ने दौड़, संगीत और अन्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजयी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल और बैसाखी जैसी सहायक सामग्री वितरण के लिए अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह यादव, गोरख सहित सैकड़ों दिव्यांग छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।









