वाराणसी, 10 फरवरी। महाशिवरात्रि, रमजान, होली व ईद जैसे प्रमुख पर्वों से पहले शहर की बिगड़ती जनसुविधाओं को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर आयुक्त, वाराणसी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सफाई, सड़क, यातायात, जलापूर्ति, आवारा कुत्तों की समस्या सहित कई गंभीर मुद्दों को उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी महाशिवरात्रि, रमजान माह, होली और ईद के दौरान काशी में श्रद्धालुओं व आम नागरिकों की भारी आवाजाही रहती है, लेकिन वर्तमान में नगर निगम की व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं। उन्होंने सभी शिवालयों, मंदिरों, मस्जिदों व प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, महाशिवरात्रि के मद्देनजर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रमुख मार्गों को दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही होली और ईद के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती पर भी जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों व गलियों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि टूटी सड़कों के कारण श्रद्धालुओं और आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बड़ी बाजार, जैतपुरा समेत कई क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को गंभीर सुरक्षा मुद्दा बताते हुए डॉग कैचिंग अभियान चलाने की मांग की गई।

जैतपुरा, दशाश्वमेध, नाग कुआं, मिर्जा बाबा, राजापुर सहित कई इलाकों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तथा शाम के समय लगने वाले भीषण जाम की समस्या पर भी नगर आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि अपर्याप्त ट्रैफिक प्रबंधन के कारण नागरिकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी देश के प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और नगर निगम से लेकर मेयर, विधायक, एमएलसी व मंत्री तक सभी भाजपा से हैं, इसके बावजूद शहर मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि है, लेकिन शिवालयों के आसपास न तो सफाई की समुचित व्यवस्था है और न ही प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त है। टूटी सड़कें, गंदगी और जाम ने शहर की व्यवस्था को प्रभावित किया है।
नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी ने कहा कि माह-ए-रमजान को लेकर भी नगर निगम की तैयारी संतोषजनक नहीं दिख रही है। सफाई व्यवस्था, आवारा कुत्तों की समस्या और जाम की स्थिति आमजन के लिए रोजमर्रा की चुनौती बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल जनता के हित में इन मुद्दों को उठाता रहेगा। अपर नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी, सतनाम सिंह, रमजान अली, असलम खां, वोकास अंसारी, प्रमोद वर्मा, हसन मेहदी कब्बन, आशिष केशरी, अब्दुल हमीद डोडे, पुलक त्रिपाठी, विवेक यादव, अरशद लड्डू, शशि सोनकर, परमदीप तिवारी, किशन यादव, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता सहित दर्जनों कांग्रेसजन मौजूद रहे।









