वाराणसी, 24 फरवरी 2026। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामनगर पुलिस ने तेल चोरी और अवैध मुनाफाखोरी के एक संगठित खेल का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ड्राइवरों से मिलीभगत कर तेल की चोरी करता था और उसे बाजार भाव से कम कीमत पर बेचकर मोटा लाभ कमाता था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली व प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में 24 फरवरी को कार्रवाई की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने प्लाट संख्या 06, सेंट जॉन्स कॉलोनी, मडौली (थाना मण्डुआडीह क्षेत्र) में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रकाश मिश्रा उर्फ गोकुल पुत्र सुभाष चन्द्र मिश्र को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 0031/2026, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 (यथा संशोधित) की धारा 3/7 के तहत थाना रामनगर में अभियोग पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से ड्राइवरों के साथ सांठगांठ कर तेल की चोरी कर रहा था और उसे खुले बाजार में कम दाम पर बेचकर अवैध कमाई कर रहा था, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था बल्कि बाजार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। तेल चोरी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में दुर्गा सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना रामनगर,जयप्रकाश सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा, थाना रामनगर,उ0नि0 मनीष कुमार मौर्या, थाना रामनगर, हे0का0 सूर्यप्रकाश तिवारी, थाना रामनगर शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









