वाराणसी। फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रोहनियां विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि फिट युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। अतिथियों का स्वागत जिला युवा अधिकारी यतेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के अंतर्गत खो-खो, बैडमिंटन, फुटबॉल के साथ 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न गांवों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया और खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में कॅरियर गुरु रविंद्र सहाय ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद, ओलंपियन नीरज चोपड़ा और मुक्केबाज मैरी कॉम का उदाहरण देते हुए युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। महिला वर्ग में 100 व 400 मीटर दौड़ में अंजली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बैडमिंटन में ईषा पटेल विजेता रहीं। पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में आशीष राय तथा 400 मीटर दौड़ में अनुराग ने प्रथम स्थान हासिल किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में पंडितपुर की टीम विजेता बनी। समापन अवसर पर सक्रिय वाराणसी के युवा मंडल को खेल सामग्री भी वितरित की गई।









