वाराणसी। राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत भारतीय मजदूर संघ की वाराणसी इकाई ने बुधवार को कर्मचारियों की विभिन्न लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय एवं जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट से वरुणा पुल होते हुए जिला मुख्यालय तक जुलूस निकाला और जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, ईपीएफओ अंशदान हेतु वेतन सीमा में वृद्धि, ईएसआईसी अंशदान की वेतन सीमा बढ़ाना तथा ईपीएस-95 के अंतर्गत न्यूनतम पेंशन ₹7500 प्रतिमाह निर्धारित करना शामिल है। इसके साथ ही पेंशनरों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रदान करने, संविदा श्रमिकों का नियमितीकरण करने और विभिन्न योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने की भी मांग की गई है।
नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और न्यायोचित मांगों को पूरा कर सरकार को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

धरना-प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, भेल अध्यक्ष शंकर दयाल श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष दूधनाथ, विभाग प्रमुख राकेश पांडे, विनोद त्रिपाठी, अमित श्रीवास्तव, धीरेंद्र खैरवार, जे.एन. सिंह, सुधांशु कुशवाहा सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान श्रमिक एकता के नारों से जिला मुख्यालय परिसर गूंज उठा।









