जमानियां (गाजीपुर)। नगर के कस्बा बाजार स्थित मोहल्ला बुद्धिपुर के एकता लॉन में शनिवार को पॉपुलर अस्पताल, वाराणसी की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अख्तर (एमबीबीएस, एमएस) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। फ्री मेडिकल कैंप में दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। अमन शांति एकता कमेटी के सरपरस्त नेसार अहमद खान वारसी ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य हड्डी एवं जोड़ रोग से पीड़ित लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना है। शिविर में विशेष रूप से घुटनों के दर्द, कूल्हे व पैरों के दर्द, जोड़ों में अकड़न तथा अन्य अस्थि रोगों से परेशान मरीजों की जांच की गई। कैंप के दौरान मरीजों की एक्स-रे, कैल्शियम, ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी आवश्यक जांचें की गईं। जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श के साथ सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी दी गईं। डॉ. अख्तर ने हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।डॉ. अख्तर ने बताया कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के फ्री मेडिकल कैंप आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर अमन शांति एकता कमेटी के सरपरस्त नेसार अहमद खान वारसी ने गुलदस्ता भेंट कर डॉ. अख्तर का स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम में फैयाज मंसूरी, अरशद मंसूरी, बेलाल मंसूरी, नेहाल खान, माहिर कमाल अंसारी, जमाल मंसूरी, निसात खान वारसी उर्फ प्रिंस, हयात खान वारसी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।









