चन्दौली। नववर्ष के पहले ही दिन जन-सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में चन्दौली जनपद में एक ऐतिहासिक और प्रभावशाली पहल देखने को मिली। आम जनमानस को डायल-112 की उपयोगिता, त्वरित एकीकृत आपातकालीन सेवाओं तथा पुलिस की जनकल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान
का भव्य आयोजन किया गया। यह अभियान श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक, यू0पी0-112 लखनऊ के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सदर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।दिनांक 01 जनवरी 2026 को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से जनपद के प्रमुख व अत्यधिक भीड़-भाड़
वाले स्थलों—गंजी प्रसाद तिराहा (थाना अलीनगर), पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन तथा पड़ाव चौराहा (थाना मुगलसराय)—पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से चन्दौली पुलिस, पीआरवी एवं यू0पी0-112 टीम ने आमजन को यह संदेश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर एक कॉल जीवन रक्षक साबित हो सकती है। कार्यक्रम के दौरान डायल-112 द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं—पुलिस सहायता, फायर सर्विस, मेडिकल सर्विस, महिला पीआरवी, नाइट स्कॉर्ट, सवेरा योजना—की विस्तृत जानकारी सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत की गई। नुक्कड़ नाटक में यह दर्शाया गया कि चाहे संकट में फंसा वरिष्ठ नागरिक हो, महिला हो, दिव्यांगजन हो या कोई सामान्य नागरिक, डायल-112 हर परिस्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। नाट्य प्रस्तुतियों ने लोगों के मन में डायल-112 के प्रति विश्वास की भावना को और मजबूत किया। कलाकारों ने रोजमर्रा की घटनाओं के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि समय पर सूचना देने से न केवल अपराध रोके जा सकते हैं, बल्कि अनमोल जीवन भी बचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, यात्री एवं राहगीर उपस्थित रहे और उन्होंने अभियान की खुले दिल से सराहना की।इस जागरूकता अभियान में UP-112 मुख्यालय लखनऊ की प्रचार-प्रसार टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें निरीक्षक फिदा हुसैन अहमद, मुख्य आरक्षी सोनू वर्मा तथा आरक्षी चालक फैसल अहमद शामिल रहे। नुक्कड़ नाटक टीम में काजल गुप्ता, रेखा तिवारी, बृजेश राजा मिश्रा, राज गुप्ता, प्रियांशु, उदयवीर सिंह एवं दुर्गेश तिवारी ने सशक्त अभिनय से संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन एंकर अमित शुक्ला ने किया। वहीं, यू0पी0-112 चन्दौली टीम से उपनिरीक्षक बलबीर सिंह यादव, हेड कांस्टेबल चन्द्रमा राम एवं महिला कांस्टेबल जानकी की सक्रिय सहभागिता रही, जिनके सहयोग से अभियान को प्रभावी रूप दिया गया। नववर्ष के अवसर पर आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम न केवल सूचना देने तक सीमित रहा, बल्कि इसने आम नागरिकों के मन में सुरक्षा का भरोसा भी जगाया। स्पष्ट संदेश दिया गया कि डायल-112 सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षा की मजबूत ढाल है। चन्दौली में गूंजा यह संदेश आने वाले समय में जन-सुरक्षा के प्रति नई चेतना और विश्वास का प्रतीक बनकर उभरेगा।









