वाराणसी। गोमती जोन के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस ने गुरुवार को 536 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान की।
पुलिस के अनुसार हरदासपुर रिंग रोड के पास मुखबिर की सूचना पर बच्चन मौर्या (42) पुत्र रुपई मौर्या, निवासी कुरौता गोपालपुर, थाना लोहता को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक झोले में रखी पुड़ियों में कुल 536 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना जंसा पर मु0अ0सं0 29/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह गांजा की पुड़िया बनाकर विभिन्न स्थानों पर घूम-घूमकर बिक्री करता था। उसने यह भी बताया कि 15 फरवरी को ग्राम हरसोस में एक गुमटी के पास खड़े होकर वह गांजा बेच रहा था।

गौरतलब है कि 15 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस में खुलेआम गांजा बिक्री से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने जांच के निर्देश दिए थे। साथ ही संबंधित चौकी क्षेत्र में अवैध बिक्री की जिम्मेदारी के आधार पर चौकी प्रभारी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच भी शुरू की गई थी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









