वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और चोरी-लूट की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भेलूपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के लैपटॉप को बेचकर प्राप्त की गई 12,500 रुपये की धनराशि के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शुभम कुमार (30 वर्ष) पुत्र संजय कुमार, निवासी प्लॉट नंबर 17/4, इंदिरा नगर, चितईपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। अभियुक्त को दिनांक 15 जनवरी 2026 को चेतमणि चौराहे से कूड़ाखाना तिराहे के पास से हिरासत में लिया गया।
थाना भेलूपुर पर मुकदमा संख्या 0036/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दिनांक 09 जनवरी 2026 को लैपटॉप चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार एक युवक दुकान से लैपटॉप लेकर बिना बताए फरार हो गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने अभियुक्त को चिन्हित करते हुए चोरी के लैपटॉप को बेचकर प्राप्त नकदी के साथ गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक थाना भेलूपुर के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक विकास मिश्रा एवं हेड कांस्टेबल सुनील चौधरी शामिल रहे।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।









