वाराणसी। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर सेवा और मानवता का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। अर्दली बाजार स्थित स्वामी विवेकानंद प्रवास स्थल पर अधिवक्ता समाज एवं सिविल डिफेंस (कलेक्ट्रेट प्रखंड) के वार्डेनों ने संयुक्त रूप से जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं कुष्ठ रोगियों के बीच कंबल वितरित किए। कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद पांडेय ‘भैयाजी’ ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह ने अपने संपूर्ण जीवन में धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष किया और कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस सेवा कार्य में सेंट्रल बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक राय ‘कान्हा’, अधिवक्ता विपिन शुक्ला, धीरेंद्र श्रीवास्तव, सिविल डिफेंस के सेक्टर वार्डेन अंजनी सिंह, अरविंद विश्वकर्मा, अजय सिंह, सौरभ सिंह सहित अनेक अधिवक्ता एवं वार्डेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और सम्मान की मुस्कान देखने को मिली, जिसने आयोजन को सार्थक बना दिया।









