वाराणसी। शहर के लंका स्थित बीएचयू गेट के पास ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता से एक परिवार को बड़ी राहत मिली, जब कुछ ही घंटों में ऑटो रिक्शा में छूटा बैग सकुशल उसके मालिक को लौटा दिया गया। बैग में इलाज से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य आवश्यक सामग्री मौजूद थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति का बैग ऑटो रिक्शा में छूट गया था, जिसमें चिकित्सा से संबंधित जरूरी कागजात रखे हुए थे। बैग खोने की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। ट्रैफिक सेफ्टी इंस्पेक्टर (टीएसआई) शिव बदन तथा हेड कांस्टेबल अजय कुमार के नेतृत्व में गश्ती दल को सक्रिय किया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। पुलिस की सतर्कता और मेहनत के परिणामस्वरूप कुछ ही घंटों में ऑटो रिक्शा का पता लगाकर बैग बरामद कर लिया गया। बैग वापस मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी, तत्परता व जनसेवा भावना की सराहना की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि वाराणसी ट्रैफिक पुलिस न केवल यातायात व्यवस्था, बल्कि आमजन की सहायता में भी पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।









