Follow us on

Home » Uncategorized » खेल मैदान की बदहाली पर छात्रों का अनोखा विरोध, काशी विद्यापीठ में प्रतीकात्मक गेहूं बुवाई से प्रशासन को चेतावनी

खेल मैदान की बदहाली पर छात्रों का अनोखा विरोध, काशी विद्यापीठ में प्रतीकात्मक गेहूं बुवाई से प्रशासन को चेतावनी

Share this post:

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू क्रीड़ा मैदान की बदहाल स्थिति के विरोध में बुधवार को छात्रों ने अनोखे अंदाज़ में अपना आक्रोश प्रकट किया। छात्र संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ‘हर्षित’ के नेतृत्व में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ खेल मैदान में प्रतीकात्मक रूप से गेहूं की बुवाई कर विरोध दर्ज कराया।

इस अवसर पर आशुतोष तिवारी ‘हर्षित’ ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रमुख खेल मैदान वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। न तो आज तक रनिंग ट्रैक का निर्माण हो सका है और न ही मैदान का समुचित रख-रखाव किया गया है। इसके चलते स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन एवं छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को रोज़ाना अभ्यास और मॉर्निंग रन के लिए सड़कों के किनारे दौड़ना पड़ता है, जिससे उन्हें चोट, मोच और अन्य शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र आर्मी, बीएसएफ, सीआरपीएफ सहित विभिन्न सुरक्षा बलों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन खेल सुविधाओं के अभाव में उनकी मेहनत बाधित हो रही है। स्थिति यह है कि खेलने योग्य मैदान अब खेती योग्य बनता जा रहा है। इसी गंभीर उपेक्षा को उजागर करने और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से प्रतीकात्मक गेहूं बुवाई की गई है।

कटाक्ष करते हुए आशुतोष तिवारी ‘हर्षित’ ने कहा कि “जब यह गेहूं पक जाएगा, तब मैं विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के साथ इसकी रोटी खिलाने का कार्य करूंगा।” उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी समय है कि वह चिर-निद्रा से जागे और शीघ्र ही रनिंग ट्रैक निर्माण व खेल मैदान के समग्र विकास का कार्य शुरू करे, अन्यथा छात्र बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि जब तक खेल मैदान सुव्यवस्थित नहीं होगा, तब तक विश्वविद्यालय के छात्र देश की टॉप क्लास यूनिवर्सिटीज़ से प्रतिस्पर्धा कैसे करेंगे और गोल्ड मेडल कैसे हासिल करेंगे। यदि प्रशासन स्वयं छात्रों के हितों की अनदेखी करता रहा, तो छात्रों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करना पड़ेगा।

कार्यक्रम के अंत में आशुतोष तिवारी ‘हर्षित’ ने दोहराया कि वे छात्र-छात्राओं के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहेंगे और खेल सुविधाओं की बहाली तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन में हर्षित तिवारी, नयन राय, अंश रघुवंशी, मोहम्मद अली, शुभम, साक्षी, तान्या गुप्ता, सान्या, पायल, निखिल चौबे, विशाल चौबे, अतुल उपाध्याय, अमन चौधरी, प्रियांशु सिंह, आकाश सिंह, आर्यन सिंह, अनुराग दीक्षित, राहुल पाण्डेय, आशुतोष दूबे सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x