वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध अंतरराज्यीय तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 235/2025 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/26D के तहत कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी 7 फरवरी 2026 को भोरसर लिंक रोड, मिर्जापुर बाईपास क्षेत्र से की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल और अंकुश सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह ‘न्यू फेंसाडिल’ नामक कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर अवैध तस्करी करता था। इसके लिए नकली जीएसटी इनवॉइस और ई-वे बिल तैयार किए जाते थे।

झारखंड स्थित ‘शैली ट्रेडर्स, रांची’ नामक फर्म के जरिए भारी मात्रा में सिरप खरीदा जाता था। औषधीय उपयोग के बजाय इसे नशे के रूप में इस्तेमाल के लिए बेचा जाता था। विभिन्न मेडिकल फर्मों के माध्यम से अवैध खरीद-फरोख्त कर करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाया जा रहा था।
अभियुक्तों के अनुसार शुभम जायसवाल, प्रशांत उपाध्याय, मनोज यादव (सिंडीकेट), प्रतीक कुमार गुजराती और धर्मेंद्र अग्रवाल इस रैकेट के प्रमुख संचालक हैं। अवैध कमाई को छिपाने के लिए हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग के जटिल तरीके अपनाए जाते थे।
नकद और आरटीजीएस के माध्यम से रकम जमा कर विभिन्न फर्मों में घुमाई जाती थी, जिससे धन को वैध दिखाया जा सके। पूछताछ के अनुसार, गिरोह ने लगभग 25 लाख बोतलों की तस्करी कर करीब 40 करोड़ रुपये का अवैध धन अर्जित किया। इसमें से गिरफ्तार अभियुक्तों को लगभग 8 करोड़ रुपये का लाभ हुआ।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एसआईटी टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
टीम में प्र.नि. दयाशंकर सिंह, उ.नि. विकास पांडेय, उ.नि. अंकित सिंह, उ.नि. मनीष सिंह, उ.नि. धीरज सिंह, उ.नि. लवलेश पटेल, उ.नि. अमन सिंह, का. अखिलेश कुमार, का. सुमित शाही, का. गौरव भारती, का. अश्वनी कुमार (सर्विलांस सेल), का. विराट सिंह (साइबर सेल) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित जायसवाल (25 हजार इनामी) – निवासी काजीपुरा खुर्द, सोनिया रोड, थाना सिगरा, वाराणसी, दिवेश जायसवाल (25 हजार इनामी) – निवासी खोजवां बाजार, थाना भेलूपुर, वाराणसी, अभिनव कुमार यादव – निवासी नवाबगंज छित्तूपुर, थाना भेलूपुर, वाराणसी, घनश्याम मौर्या – निवासी खोजवां बाजार, थाना भेलूपुर, वाराणसी और अंकुश सिंह (25 हजार इनामी) – निवासी खोजवां बाजार, थाना भेलूपुर, वाराणसी (मूल निवासी: ग्राम मानपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर) थे।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 46 विदेशी मुद्रा नोट और एक आईफोन बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा माफिया एवं संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।









