वाराणसी, 24 फरवरी 2026। शहर के केदारघाट स्थित विद्या मठ में मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संत समाज के सम्मान और सनातन परंपरा की रक्षा को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।
भेंट के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मोदी-योगी सरकार सुनियोजित साजिश के तहत शंकराचार्य को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “भगवान शंकराचार्य का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है। शंकराचार्य भगवान का स्वरूप हैं। हम काशीवासी और कांग्रेसजन उनके साथ डटकर खड़े हैं। उनका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
अजय राय ने आगे कहा कि सरकार को यह याद रखना चाहिए कि तानाशाही अधिक दिनों तक नहीं चलती। जनता सब देख रही है और समय आने पर उचित जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि संतों और धर्माचार्यों की गरिमा को ठेस पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के विरुद्ध है। काशी सदियों से संत परंपरा की पावन भूमि रही है, जहां संतों का सम्मान सर्वोपरि माना जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर तथ्य और प्रमाण के साथ जनता के बीच सच्चाई रखेगी। “संत समाज और शंकराचार्य की गरिमा की रक्षा के लिए कांग्रेसजन प्रतिबद्ध हैं। यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लड़ी जाएगी और संत सम्मान पर कोई समझौता नहीं होगा,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, अनिल श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, अरुण सोनी, राजीव गौतम, राजू राम, प्रमोद वर्मा, संतोष चौरसिया, सदानन्द तिवारी, आशिष तिवारी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









