वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के विद्यार्थियों ने केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के गङ्गानाथ झा परिसर, प्रयागराज में आयोजित राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है।
प्रतियोगिता में आचार्य कक्षा के छात्र शिवांश तिवारी ने धर्मशास्त्र विषय में प्रथम स्थान तथा अवधेश शुक्ल ने वेदान्त विषय में प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं आचार्य कक्षा के छात्र सुजन भटराई ने आयुर्वेद विषय में द्वितीय स्थान तथा शास्त्री कक्षा के छात्र झण्टु तिवारी ने ज्योतिष विषय में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यार्थियों ने विभिन्न शास्त्रीय विषयों पर अपने प्रभावशाली वक्तृत्व, गहन अध्ययन, विषयगत स्पष्टता एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को अत्यंत प्रभावित किया। प्रतियोगिता में उनके तार्किक विवेचन और शास्त्रीय दृष्टिकोण की विशेष सराहना की गई।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृतिचिह्न प्रदान कर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, सतत परिश्रम एवं आचार्यों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है। यह सफलता न केवल विश्वविद्यालय की शैक्षिक परंपरा को सुदृढ़ करती है, बल्कि संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रतिष्ठा को भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचाती है।
कुलपति प्रो. शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते रहेंगे। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर अध्ययन, साधना एवं अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर रहने का आह्वान किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है।उक्त अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।









