वाराणसी। इंटरनेशनल वेदांत सोसाइटी अपने प्रतिष्ठाता एवं उपास्य ‘श्री भगवान’ के 85वें जन्मोत्सव के अवसर पर 2 एवं 3 जनवरी 2026 को श्रृंगेरी मठ, महमूरगंज में दो दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान का आयोजन करने जा रही है। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से लगभग 300 श्रद्धालु एवं भक्तों के सम्मिलित होने की संभावना है। उक्त जानकारी पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के महासचिव स्वामी प्रबुद्धानन्द पुरी महाराज ने दी। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी की सायं तथा 3 जनवरी को प्रातः 10 बजे और सायं 5 बजे से आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में प्रवचन, भजन, नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। उन्होंने बताया कि श्री भगवान के जीवन, उनके महान कार्यों, मानव सेवा, विश्व प्रेम तथा सत्य सनातन धर्म के आदर्शों की प्रतिष्ठा पर केंद्रित विचार-विमर्श एवं अध्ययन इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।3 जनवरी की प्रातः प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जबकि दोपहर 1 बजे से साधु भंडारे का आयोजन कर लगभग 100 साधुओं की सेवा की जाएगी। सायंकालीन सभा में देशभर से अनेक विद्वान एवं विशिष्टजन सहभागिता करेंगे। जन्मोत्सव के अवसर पर इंटरनेशनल वेदांत सोसाइटी द्वारा गरीब छात्रों, दिव्यांग बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, रोजगार सहयोग सहित अनेक सेवा-कार्य भी किए जाएंगे। संस्था की ओर से काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने परिवार एवं बच्चों के साथ इस पावन जन्मोत्सव में सहभागी बनकर कार्यक्रम को सफल एवं स्मरणीय बनाएं।









