वाराणसी। काशी की पावन धरा पर सोनार समाज की राष्ट्रीय संस्था स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान, वाराणसी के तत्वावधान में रविवार को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लॉन में भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वजातीय छह जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
कार्यक्रम के अनुसार मैदागिन स्थित उन्नति रेजिडेंसी से सभी छह दूल्हों की सामूहिक बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। बारात मध्यमेश्वर, दारानगर, डीएवी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और ईश्वरगंगी होते हुए नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लॉन पहुंची। यहां कन्या पक्ष की महिलाओं ने पारंपरिक रीति से परछन कर बारात का स्वागत किया। इसके बाद सुसज्जित मंच पर सभी जोड़ों का जयमाल समारोह संपन्न कराया गया।
अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। तत्पश्चात एक ही मंडप में वैदिक विधि-विधान से सभी जोड़ों का विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। विवाह पूजन का संयोजन प्रख्यात विद्वान चंद्रकांत पांडेय (मुखिया, मंदिर श्रीनाथजी) तथा आदित्य पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया।

सामूहिक विवाह में नवदंपतियों को संस्थान एवं समाज की ओर से नवजीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की गई। इसमें आलमारी, पलंग, सिंगारदान, रजाई, गद्दा, तकिया, चादर, बर्तन का 111 पीस सेट, सोने की नथिया, चांदी के पायल व बिछिया, सीलिंग फैन, मिक्सी, कुकर, इडली स्टैंड, कैसरोल, आयरन प्रेस सहित अन्य उपयोगी सामान शामिल रहे। इसके अतिरिक्त वर एवं कन्या पक्ष को पहुर के लड्डू आदि भी प्रदान किए गए।
बारात के स्वागत में समाज के लोगों ने जगह-जगह शरबत, पेयजल और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की। दारानगर में क्षत्रिय स्वर्णकार युवक एवं महिला समाज की ओर से स्वागत किया गया, जबकि रूद्रा अपार्टमेंट गेट पर नंदलाल सेठ, अनिल सेठ व सुनील सेठ (चोलापुर) तथा विराट विला गेट पर ओमप्रकाश गुप्ता व बबीता गुप्ता द्वारा बारातियों का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर बारात पर पुष्पवर्षा भी की गई।
इस अवसर पर संस्थान के राष्ट्रीय संस्थापक इंजीनियर योगेंद्र कुमार, राष्ट्रीय संयोजक एवं सम्मेलन अध्यक्ष रवि सर्राफ, राष्ट्रीय अध्यक्ष शारदा शंकर सिंह, जौनपुर से नन्हें लाल सेठ, मुंबई से दशरथ सोनी, स्वागताध्यक्ष दयाशंकर सेठ, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया ताई दहिवाल, अनिल चंचल, ज्योति सोनी, सरिता सर्राफ, आरती सेठ, जिलाध्यक्ष किशोर सेठ, सम्मेलन संयोजक कमल कुमार सिंह सहित देश के विभिन्न राज्यों—उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और हरियाणा से आए समाजसेवी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मूल रूप से सात जोड़ों का विवाह होना था, किंतु चंदौली निवासी एक कन्या शनिवार देर रात दीनदयाल नगर में हुई दुर्घटना में घायल हो गई, जिसके बाद उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इस कारण कार्यक्रम में छह जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे और नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।









