वाराणसी। श्री रामानंद विश्व हितकारिणी परिषद एवं श्री वैष्णो विरक्त संत समाज काशी के संयुक्त तत्वावधान में जगद्गुरु रामानंदाचार्य के प्रकाट्य महोत्सव के पावन अवसर पर नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 2 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायंकाल 4 बजे तक श्रीराम मंदिर गुरु धाम, वाराणसी में सम्पन्न होगा। इस दिव्य आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। श्रीराम कथा का वाचन श्रीमद् जगद्गुरु काशी पीठाधीश्वर स्वामी डॉ. रामकमलाचार्य वेदांती महाराज द्वारा किया जाएगा, जिनकी ओजस्वी वाणी से कथा स्थल भक्तिरस में सराबोर रहेगा। गुरुवार को गुरु धाम स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में आयोजित पत्रकार वार्ता में परिषद के अध्यक्ष एवं कथावाचक स्वामी डॉ. रामकमलाचार्य वेदांती महाराज ने बताया कि कथा आयोजन के साथ-साथ संत सम्मेलन, विद्वत सम्मेलन, कवि सम्मेलन तथा संस्कृत छात्रों की विविध प्रतियोगिताओं का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिससे धार्मिक के साथ-साथ बौद्धिक और सांस्कृतिक चेतना का भी प्रसार होगा। उन्होंने आगे जानकारी दी कि 10 जनवरी 2026 को जगद्गुरु रामानंदाचार्य के प्रकाट्य दिवस के अवसर पर प्रातः 8 बजे अस्सी घाट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा अस्सी, लंका, संकटमोचन, दुर्गाकुंड, खोजवां एवं गुरु धाम चौराहा होते हुए श्रीराम मंदिर पहुँचेगी, जहाँ इसका समापन होगा। शोभायात्रा में गाजे-बाजे के साथ रथ पर सवार काशी के संत समाज, बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन तथा कलश लेकर चलने वाली महिलाएं सहभागी होंगी। श्रीराम मंदिर पहुँचने पर बृहद संत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से आए संत-महात्मा धर्म, संस्कृति और समाज पर अपने विचार रखेंगे। यह आयोजन काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक गरिमा को एक नई ऊँचाई प्रदान करेगा।









