वाराणसी। शिक्षा के प्रति उत्साह और प्रोत्साहन बढ़ाने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय चांदपुर में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रश्मि त्रिपाठी एवं सहायक अध्यापिका कल्पना तिवारी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ मेधावी एवं अनुशासित बच्चों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जर्मनी निवासी एनआरआई अमित भदौरिया के विशेष सहयोग से भेजी गई उच्च गुणवत्ता वाली स्टेशनरी किट का वितरण रहा।
मुख्य अतिथि श्रीमती रश्मि त्रिपाठी ने अपने करकमलों से बच्चों को स्टेशनरी किट भेंट की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। वितरित की गई किट में नई नोटबुक, ड्राइंग कॉपी, आकर्षक स्टेशनरी पाउच (पेन, पेंसिल, स्केल, इरेज़र, शार्पनर) तथा रंगों की विशेष ‘कलर किट’ शामिल थी।

मुख्य अतिथि ने विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम का महत्व बताया। सहायक अध्यापिका कल्पना तिवारी ने श्री अमित भदौरिया के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सात समंदर पार रहकर भी उन्होंने अपनी जन्मभूमि के बच्चों की शिक्षा के प्रति अद्भुत समर्पण और प्रेम प्रदर्शित किया है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में और अधिक मेहनत से पढ़ाई करने का संकल्प लिया।









