लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए राज्यव्यापी विशेष महाअभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान 25 नवम्बर 2025 से 25 दिसम्बर 2025 तक सभी जिलों में चलेगा। सरकार का कहना है कि जिन पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बने हैं अथवा जिनके नाम सूची से छूट गए थे, वे इस अवधि में निकटतम कैंपों पर जाकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं।
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने अभियान को सफल बनाने हेतु जिलाधिकारियों व संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा–निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति को ₹5 लाख तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए । प्रदेश सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंपों पर पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि आपात स्थिति में उन्हें मुफ्त चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।









