नई दिल्ली। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे की पुस्तक के आधिकारिक विमोचन से पहले उसके कथित रूप से लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी स्पेशल सेल को सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार, पुस्तक के औपचारिक लोकार्पण से पूर्व उसके सार्वजनिक डोमेन में आने को गंभीरता से लिया गया है। इस संबंध में प्रकाशन प्रक्रिया, वितरण चैनल और संभावित लीक के स्रोतों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पुस्तक की प्रतियां आधिकारिक रिलीज से पहले किन-किन लोगों तक पहुंचीं।
विवाद उस समय और गहरा गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद परिसर में इस पुस्तक की प्रति अपने साथ लेकर पहुंचे। इसके बाद राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठने लगे कि जब पुस्तक का आधिकारिक विमोचन नहीं हुआ था तो इसकी प्रति सार्वजनिक रूप से कैसे उपलब्ध हुई। इसी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।










