वाराणसी, 01 मार्च 2026। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान उत्तर प्रदेश की शाखा वाराणसी की मासिक बैठक लोक निर्माण विभाग स्थित डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, वरूणापुल-नदेसर में जिलाध्यक्ष श्री राजेश्वर पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। संचालन जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने किया।
बैठक में वक्ताओं ने शासन-प्रशासन से पुनः जोरदार मांग करते हुए कहा कि आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियां सभी पेंशनरों पर समान रूप से लागू की जाएं। इसके साथ ही राशिकरण कटौती की अवधि 15 वर्ष के स्थान पर 11 वर्ष किए जाने, 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि प्रदान करने, पेंशन भुगतान तिथि पर अवकाश होने की स्थिति में शासनादेशानुसार एक दिन पूर्व खातों में धनराशि भेजने तथा कोरोना काल के लंबित डीआर (महंगाई राहत) का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई गई। रेलवे में वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को पूर्व की भांति 50 प्रतिशत किराया रियायत बहाल करने की भी मांग की गई।
जिलाध्यक्ष श्री राजेश्वर पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनर समाज ने जीवन भर शासन-प्रशासन की सेवा की है, इसलिए उनके अधिकारों की अनदेखी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में पेंशनरों की आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है, ऐसे में आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों को शीघ्र लागू कर राहत प्रदान की जानी चाहिए। यदि सरकार ने सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन चलाने को बाध्य होगा।

जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने कहा कि पेंशन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी अस्वीकार्य है। माह के प्रथम दिवस पेंशन खातों में धनराशि न पहुंचना गंभीर विषय है। उन्होंने कोरोना काल के बकाया डीआर के भुगतान में हो रही देरी पर भी चिंता जताई और कहा कि पेंशनरों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं सभी सदस्यों को दी गईं। बैठक को इं. आनंद लाल, संजय श्रीवास्तव, संत लाल यादव, बंशी लाल जायसवाल, उमेश बहादुर सिंह, ई अशोक सिंह, विनोद सिंह, शैलेंद्र श्रीवास्तव,रोशन अली, रमेश श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्यों ने संबोधित किया।









