वाराणसी, 13 मार्च 2026। अलविदा की नमाज़ के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इसी क्रम में आज अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अपर पुलिस आयुक्त ने थाना सारनाथ क्षेत्र के पुराना पुल स्थित बड़ी ईदगाह मस्जिद में अदा की गई अलविदा की नमाज़ के दौरान थानाध्यक्ष सारनाथ के साथ पुलिस बल की तैनाती और व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही थाना कैंट क्षेत्र के नदेसर मस्जिद में भी नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई, जहां पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त कैंट नितिन तनेजा तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
इसी क्रम में थाना लोहता क्षेत्र में भी अलविदा की नमाज़ शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। इसके बाद अपर पुलिस आयुक्त ने प्रभारी निरीक्षक लोहता के साथ थाना क्षेत्र का भ्रमण और निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नमाज़ के दौरान सभी प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।









