अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक ब्रांच मैनेजर ने सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पुल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिवार और बैंक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति सरयू नदी पर बने पुल पर पहुंचा। उसने पुल पर कुछ देर रुककर अपनी पत्नी को अंतिम लोकेशन भेजी और फिर बिना पीठ पर लदे बैग को उतारे सीधे नदी में छलांग लगा दी। उस समय पुल पर आवागमन और भीड़भाड़ थी। लोगों ने जब युवक को कूदते देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सरयू नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे नदी से युवक का शव बरामद किया गया। शव के साथ मिले बैग में रखे कागजातों के आधार पर उसकी पहचान राम बाबू सोनी (38 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि राम बाबू सोनी मूल रूप से गोंडा जिले के मनकापुर कस्बे के निवासी थे और वर्तमान में बहराइच जनपद में एसबीआई की एक शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर तैनात थे। पुलिस ने देर रात उनके परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल बैंक मैनेजर द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल और मिले दस्तावेजों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर मानसिक दबाव और तनाव के मुद्दे को गंभीरता से सामने ला दिया है।









