वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना जंसा पुलिस ने अपहरण के एक प्रकरण में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
कार्यालय पुलिस उपायुक्त, गोमती ज़ोन से जारी प्रेस नोट के अनुसार दिनांक 17 फरवरी 2026 को थाना जंसा पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम परमपुर अंडरपास के पास से मु0अ0सं0–0265/2025, धारा 87, 137(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त अमित कुमार (21) पुत्र संतलाल, निवासी ग्राम भुइली, थाना जंसा, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से अपहृता 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार वादी द्वारा 24 नवंबर 2025 को थाना जंसा में लिखित तहरीर देकर बताया गया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को 30 अक्टूबर 2025 को अभियुक्त बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर अपहृता की बरामदगी एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई थी।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह और किशोरी पूर्व से एक-दूसरे को जानते थे तथा दोनों के बीच प्रेम संबंध था। परिवार द्वारा युवती के विवाह की अन्यत्र बातचीत किए जाने की जानकारी होने पर दोनों घर से चले गए थे। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










