वाराणसी। थाना बड़ागांव पुलिस ने अपहरण प्रकरण में फरार चल रहे एक सहयोगी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार 12 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक विवेकानंद द्विवेदी, चौकी प्रभारी हरहुआ के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुकदमा संख्या 085/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त सरफराज पुत्र आबिद अली, निवासी हरहुआ डीह थाना बड़ागांव, वाराणसी (उम्र लगभग 19 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार सरफराज पर आरोप है कि उसने अपहृत किशोरी को भगाने में मुख्य आरोपी की मदद की थी। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 352 व 351(2) के तहत दर्ज मुकदमे में कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि 9 मार्च 2026 को वादी ने थाना बड़ागांव में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री को वारिश हाशमी बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी के परिजनों ने संपर्क करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसी दिन मुख्य अभियुक्त वारिश हाशमी को गिरफ्तार कर वाराणसी कारागार भेज दिया था। जांच के दौरान किशोरी को भगाने में सहयोग करने वाले सरफराज का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।









