वाराणसी। अटल बिहारी वाजपेई एवं अजीत वाडेकर की स्मृति में आयोजित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘अटल-अजीत मेमोरियल ट्रॉफी’ का दसवां संस्करण बीएचयू के मेडिकल ग्राउंड पर भव्य उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ। अटल बिहारी शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ नेपाल की सांसद रेखा यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
मुख्य अतिथि रेखा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी हार-जीत के लिए नहीं, बल्कि दिल से खेलता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के साथ कई बार पारिवारिक स्तर पर भी भेदभाव होता है, किंतु यदि उन्हें उचित अवसर और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने भविष्य में भारत और नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट मैच आयोजित कराने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ एवं ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने कहा कि क्रिकेट के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करना हमारा उद्देश्य है। दिव्यांगबंधु डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि संगठन का लक्ष्य दिव्यांग खिलाड़ियों को सभी खेलों में उत्कृष्टता के शिखर तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में प्रो. ए. के. नेमा (महासचिव, क्रीड़ा परिषद, काशी हिंदू विश्वविद्यालय), सिस्टर संगीता जे (संस्थापक, किरण सोसायटी), डॉ. अशोक चौरसिया (महामंत्री, काशी क्षेत्र भाजपा), पूर्व रणजी खिलाड़ी राजन श्रीवास्तव, डॉ. मनोज तिवारी, संयोजक युग तिवारी, सहसंयोजक अभिषेक पांडेय एवं नमिता सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेई एवं अजीत वाडेकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
द्विपक्षीय सीरीज के रूप में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमें ‘बेस्ट ऑफ 3’ प्रारूप में आमने-सामने हैं। पहले मुकाबले में बिहार के कप्तान कुमार देव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। अमित कुमार ने 36 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से शानदार 40 रन बनाए। बिहार की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से दिनेश कुमार और जेपी सिंह ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रंजीत ने 32 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 34 रन बनाकर अहम योगदान दिया। बिहार की ओर से दीपक और प्रताप ने एक-एक विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए राहुल सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मदन मोहन वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. तुलसी दास ने प्रस्तुत किया। मैच के दौरान आशीष सेठ और अमूल्य उपाध्याय ने प्रभावशाली कमेंट्री से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।









