चंदौली। नववर्ष के अवसर पर अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से रविवार को नौगढ़ के दुर्गम आदिवासी क्षेत्र में कंबल एवं गर्म कपड़ों का व्यापक वितरण किया गया। संस्था के संरक्षक एवं अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष प्रद्युम्न अग्रवाल एवं महामंत्री आमोद अग्रवाल के नेतृत्व में लगभग 34 सदस्यीय दल दोपहर करीब 12 बजे 1200 कंबलों के साथ नौगढ़ से 18 किलोमीटर दूर आदिवासी क्षेत्र होरीला पहुंचा। कार्यक्रम स्थल पर चकिया विधानसभा के विधायक कैलाश आचार्य तथा महर्षि बाल्मीकि सेवा संस्थान के मंत्री अवध बिहारी मिश्र ने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। इसके पश्चात कंबल वितरण का शुभारंभ किया गया। सबसे पहले विश्व हिंदू परिषद के सेवा प्रकल्प महर्षि बाल्मीकि सेवा संस्थान, नौगढ़ (चंदौली) स्थित नि:शुल्क वनस्थली छात्रावास में अध्ययनरत बच्चों को 64 कंबल वितरित किए गए। इसके बाद आदिवासी प्राथमिक विद्यालय होरीला में महिलाओं एवं बच्चों को 600 कंबल व गर्म कपड़े बांटे गए। तत्पश्चात पास की बाघी मुसहर बस्ती स्थित कम्पोजिट विद्यालय, नौगढ़ में ग्राम प्रधान नीलम ओहरी के निर्देशन में लगभग 500 कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में लौवारी गांव में भी जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए। इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि अग्रवाल महासभा द्वारा इस दुर्गम आदिवासी क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरण किया जाना अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पहले ही बच्चों के अभिभावकों के खातों में स्वेटर, जूते एवं मोजे खरीदने हेतु निर्धारित धनराशि भेजी जा चुकी है, जिससे प्राथमिक शिक्षा के स्तर को मजबूत किया जा रहा है।कार्यक्रम में विधायक कैलाश आचार्य का स्वागत एवं आभार अध्यक्ष प्रद्युम्न अग्रवाल ने व्यक्त किया। संचालन सलिल अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आमोद अग्रवाल द्वारा दिया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक बजरंग अग्रवाल, मोहन अग्रवाल (छत्ता तले), शालिनी अग्रवाल, विनय अग्रवाल, कुश चौधरी, अजय कृष्ण अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, अरुण अग्रवाल (बुलानाला), दिनेश अग्रवाल (चुनरी), अमित अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, स्वयं प्रभा अग्रवाल, उर्मिला अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।









