वाराणसी। क्युरिटीका फाउंडेशन, अस्सी द्वारा दशहरे के अवसर पर आयोजित नवरात्र सांस्कृतिक उत्सव–2025 के अंतर्गत रविवार को स्व. ब्रजनंदन सिंह राणा स्मृति बाल कला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम
अस्सी स्थित क्युरिटीका द आर्ट गैलरी, बी-1/85 राणा जी मूवमेंट सभागार में सम्पन्न हुआ। उत्सव के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने माता दुर्गा के नौ स्वरूपों एवं अन्य धार्मिक प्रसंगों पर आधारित भावनृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं। विशेष रूप से दिव्यांग रंगकर्मी एवं शिल्पी श्री राजकुमार के निर्देशन में प्रस्तुत कार्यक्रमों ने दर्शकों को
भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर कुल 50 बाल कलाकार प्रतिभागियों को अपराह्न तीन बजे से स्व. ब्रजनंदन सिंह राणा स्मृति बाल कला सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि ज्ञान सागर विद्यामंदिर एवं जूनियर कॉलेज, मुंबई के निदेशक श्री सुरेन्द्र प्रताप सिंह तथा विशिष्ट अतिथि कला शिक्षक श्री पंकज शर्मा (माध्यमिक विद्यालय, मोहनिया, भभुआ, बिहार) ने अपने करकमलों से सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। आयोजन संरक्षक शेरू सिंह राणा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. शशिकांत नाग ने बताया कि समारोह में कलासृष्टि के अध्यक्ष डॉ. प्रेम नारायण सिंह, उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार सिंह, श्री विपिन चंद्र पांडेय, क्युरिटीका फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध गीतकार श्री चंद्रशेखर गोस्वामी तथा कोषाध्यक्ष श्री योगेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।प्रतिभागियों में सलोनी चौबे, शुभांगी मौर्य, ऐश्वर्या सेठ, खुशी विश्वकर्मा और आयुषी यादव की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और उन्हें खूब तालियाँ मिलीं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के परिजनों के साथ-साथ काशी की अनेक कला विभूतियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन और भी गौरवान्वित हुआ।









