वाराणसी। महानगर उद्योग व्यापार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक में संगठन के ढांचे को मजबूत करने, कार्यकारी जिम्मेदारियों के स्पष्ट विभाजन, सदस्यता विस्तार तथा शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों को समिति से जोड़ने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक अध्यक्ष श्रीनारायण खेमका ने की, जबकि संचालन महामंत्री अशोक जायसवाल ने किया। इस दौरान संगठन के लोकप्रिय अध्यक्ष स्व. प्रेम मिश्रा के निधन के बाद श्रीनारायण खेमका के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में मनोनयन की औपचारिक पुष्टि भी की गई।

अपने संबोधन में अध्यक्ष श्रीनारायण खेमका ने कहा कि व्यापारियों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने जोर दिया कि वाराणसी जैसे बड़े व्यापारिक केंद्र में सभी व्यापार मंडलों को एक मंच पर लाना समय की आवश्यकता है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और शासन-प्रशासन तक व्यापारियों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंचे।
महामंत्री अशोक जायसवाल ने संगठन में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि समिति युवा उद्यमियों, महिला व्यवसायियों और स्टार्टअप से जुड़े नए व्यापारियों को भी जोड़ने की दिशा में सक्रिय प्रयास करेगी।
बैठक में अनुज डीडवानिया, गोकुल शर्मा, घनश्याम जायसवाल, पंकज अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, डॉ. अंजनी मिश्रा, रजनीश कनौजिया, सोमनाथ विश्वकर्मा, राहुल मेहता, रामभजन अग्रहरि, सुजीत गुप्ता, पुरुषोत्तम जालान, समीर नंदन गुप्ता, कौशल तिवारी, विशाल कपूर, प्रतीक शर्मा, शैलेश जायसवाल, पन्नालाल जायसवाल, स्मिता लोहिया, पूजा चौधरी, शिवशंकर गुप्ता, मनोज जायसवाल, दीपक वासवानी, विकास यादव, धर्मेंद्र पांडेय, अंकित रस्तोगी, देवांश चौबे, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।









