वाराणसी, 05 अप्रैल 2026। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश (शाखा वाराणसी) की मासिक बैठक डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, लोक निर्माण विभाग, वरुणापुल नदेसर में जिलाध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने किया।
बैठक के दौरान नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया गया तथा उन्हें शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य रूप से माह मार्च 2026 की पेंशन अभी तक खातों में न पहुंचने पर सदस्यों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। वक्ताओं ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में 2 अप्रैल को ही पेंशन का भुगतान हो चुका है, जबकि वाराणसी के पेंशनर्स अब भी इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि भविष्य में पेंशन समय से सभी के खातों में भेजी जाए।

इसके अतिरिक्त बैठक में वरिष्ठ नागरिकों को पूर्व में दी जा रही रेल किराये में 50 प्रतिशत छूट बहाल करने, 65, 70 एवं 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5, 10 व 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि लागू करने, जनवरी 2026 से महंगाई राहत (डीआर) शीघ्र देने तथा कोरोना काल के लंबित भत्तों का अविलंब भुगतान करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक को इं. आनन्द लाल, उमेश बहादुर सिंह, के.आर. शास्त्री, बंशी लाल जायसवाल, अब्दुल सलाम, इं. संजय कुमार श्रीवास्तव, ई.सी.बी. सिंह, ए.के. सिंह, सुभाष सहित अन्य सदस्यों ने संबोधित किया।









