वाराणसी। रोहनियां क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए रोहनियां थाना प्रभारी राजू सिंह और उनकी टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में शातिर अपराधी शनि धरकार को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये के गहने, 8500 रुपये नगद, असलहा-कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
गिरफ्तार बदमाश शनि धरकार एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही विभिन्न थानों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम उसकी आपराधिक गतिविधियों का भी विस्तृत विवरण जुटा रही है।

इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया गया, जहां डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान ने मीडिया के सामने आरोपी को पेश किया।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने इस सराहनीय कार्य के लिए खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित किया है।









