वाराणसी। इंक्रेडिबल फाउंडेशन के तत्वाधान में रविवार को मंडुवाडीह स्थित होटल राइजिंग बनारस परिसर में “मिस एंड मिसेज फेस ऑफ़ द ईयर” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत छोटे बच्चों के फैशन शो ने भी विशेष आकर्षण बटोरा।
प्रतियोगिता में वाराणसी समेत आसपास के जिलों की करीब 25 मॉडलों ने भाग लिया। फैशन शो से पूर्व 27 व 28 मार्च को कोरियोग्राफर यशोभि ओझा, प्रियंका मिश्रा और शाहिद मर्चेंट द्वारा प्रतिभागियों को तीन राउंड के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन की डायरेक्टर पूजा मिश्रा, वंदना सिंह, डॉ. ध्वनि जायसवाल एवं साक्षी पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर राकेश थावानी की साड़ियों में सजी मॉडलों ने फिल्मी गीतों पर आकर्षक रैंप वॉक कर निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिता के तीन राउंड—साड़ी, फंकी और गाउन—आयोजित किए गए। अंतिम राउंड में प्रतिभागियों से पूछे गए सवालों के आधार पर मिस अनु तिवारी को विजेता, प्रिया मिश्रा को प्रथम रनर-अप घोषित किया गया। वहीं जूनियर वर्ग में मिसेज मंजू यादव और सीनियर वर्ग में शीलू त्रिपाठी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मेकअप का जिम्मा आर्टिस्ट जागृति सोनी व बेबी सरोज की टीम ने संभाला। निर्णायक मंडल में वंदना सिंह, के.के. गुप्ता, साक्षी पाण्डेय और विश्वजीत अग्रहरि शामिल रहे।
इस अवसर पर सौरभ श्रीवास्तव, तल्हा, संदीप दान, अविनाश सिंह, विवेक मिश्रा, निहिल मोहन, अभिषेक बंका सहित प्रतिभागियों के परिजन एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









